प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगापार क्षेत्र के नवाबगंज थाना अंतर्गत अनापुर गांव में ताजिया मार्ग को लेकर शुक्रवार देर रात तनाव की स्थिति बन गई. विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों द्वारा छतों से ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया और हालात पर काबू पाया गया. शनिवार को भी गांव में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा.
जानकारी के मुताबिक, ताजिया को कर्बला ले जाने वाले मार्ग को लेकर पिछले कुछ दिनों से स्थानीय स्तर पर विवाद चल रहा था. पुलिस प्रशासन लगातार दोनों पक्षों से बातचीत कर शांतिपूर्ण ढंग से ताजिया जुलूस निकालने का प्रयास कर रहा था. शुक्रवार रात पुलिस टीम बातचीत के लिए एक ताजियादार के घर पहुंची थी, तभी अचानक पथराव शुरू हो गया और अफरा-तफरी मच गई.
घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया. शनिवार को कड़ी निगरानी के बीच ताजिया को निर्धारित स्थान तक पहुंचाया गया. वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बीते कई दिनों से तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जा रहे थे, जिससे उन्हें परेशानी हो रही थी. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.