ओडिशा में बीजेडी अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैंः प्रधानमंत्री मोदी

Global Bharat 06 May 2024 02:18: PM 1 Mins
ओडिशा में बीजेडी अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैंः प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के बेहरामपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर विपक्ष पर हमला बोला है. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है और यहां सरकार बनने के बाद हम पूरी शक्ति से हमारी सभी घोषणाओं पर अमल करेंगे. उन्होंने कहा कि ओडिशा में बीजेडी अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैं.

पीएम ने कहा कि ओडिशा में इस बार 2 यज्ञ एकसाथ हो रहे हैं. पीएम ने कहा कि एक यज्ञ देश में मजबूत सरकार बनाने के लिए है और दूसरा यज्ञ ओडिशा में भाजपा के नेतृत्व वाली मजबूत राज्य सरकार बनाने का है. पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज ओडिशा भाजपा को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. ओडिशा भाजपा ने ओडिशा की आकांक्षाओं को यहां के युवा सपनों को ध्यान में रखते हुए, यहां की बहनों-बेटियों के सामर्थ्य को ध्यान में रखते हुए बहुत ही विजनरी संकल्प पत्र जारी किया है.

कांग्रेस के साथ-साथ राज्य सरकार को भी घेरा

कांग्रेस और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप जानते हैं कि भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है. इसलिए यहां सरकार बनने के बाद हम पूरी शक्ति से संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं पर अमल करेंगे. ये मोदी की गारंटी है. यहां पहले कांग्रेस की लूट और फिर बीजेडी की लूट हुई, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा.

'4 जून को BJD सरकार की एक्सपायरी डेट' 

वर्तमान बीजेडी सरकार को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि 4 जून को यहां की बीजू जनता दल (BJD) सरकार की एक्सपायरी डेट लिखी हुई है. आज 6 मई है, 6 जून को BJP के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय होगा. 10 जून को भुवनेश्वर में बीजेपी के मुख्यमंत्री का शपथ समारोह होगा. मैं आज सबको भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह के लिए निमंत्रण देने आया हूं. ओडिशा में बीजेडी अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैं और सिर्फ भाजपा उम्मीदों का नया सूरज बनकर आई है.

Recent News