Dhar Husband Murder: धार जिले के गोंदीखेड़ा गांव में देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के मामले में लगातार नई जानकारी सामने आ रही है. अब इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी वायरल हो गए हैं, जिनमें आरोपी पत्नी प्रियंका अपने पति और सास के साथ तीखी बहस करती दिख रही है. इन वीडियो से साफ पता चलता है कि घरेलू जीवन में पहले से ही काफी तनाव और कलह का माहौल था. एक वीडियो में प्रियंका बहस करते हुए नजर आती है.
जब देवकृष्ण की बहन ज्योति मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रही होती है, तो प्रियंका पहले तो उसे रोकने की कोशिश करती है और फिर गुस्से में आकर उसका फोन छीन लेती है. दूसरे वीडियो में प्रियंका अपने पति देवकृष्ण और सास से झगड़ते हुए दिखाई दे रही है. देवकृष्ण उससे पूछते हैं कि वह किससे फोन पर बात कर रही थी, लेकिन प्रियंका साफ मना कर देती है.
इस दौरान कमरे में दो अलग-अलग बेड भी दिख रहे हैं. परिवार वालों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहती थी, इसलिए दोनों अलग-अलग सोते थे. कई बार देवकृष्ण को फर्श पर ही सोना पड़ता था. 7 अप्रैल की रात को हुई इस हत्या में पुलिस ने पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है.
दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनकी रिमांड 13 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है. पुलिस के मुताबिक, प्रियंका ने सुपारी देकर अपने पति की हत्या कराई थी. इस साजिश में कमलेश के अलावा सुरेंद्र भाटी भी शामिल था, जो अभी फरार है. मृतक के परिवार का आरोप है कि प्रियंका का व्यवहार शुरू से ही खराब था.
वह घर में किसी से ठीक से बात नहीं करती थी और लगातार झगड़े करती रहती थी. ज्योति ने बताया कि प्रियंका अक्सर देवकृष्ण से कहती थी कि वह उसके योग्य नहीं है और तलाक दे दे. परिवार के सदस्यों का यह भी दावा है कि प्रियंका का 2020 से ही किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था. वह ज्यादातर समय मायके में रहती थी और ससुराल में बहुत कम समय बिताती थी.
जब भी आती, घर में विवाद शुरू हो जाता था. देवकृष्ण की मां ने भी कहा कि उनकी बहू हमेशा झगड़े पर उतारू रहती थी. वह फोन पर भी लड़ाई करती और पूरे घर का माहौल बिगाड़े रखती थी. परिवार अब प्रियंका को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहा है. यह पूरा मामला इंदौर की सोनम रघुवंशी हत्याकांड की याद दिलाता है. पुलिस अभी भी मामले की गहन जांच कर रही है.