वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर को होगा मतदान, चुनावी मैदान में उतरेंगी प्रियंका गांधी 

Global Bharat 15 Oct 2024 07:45: PM 2 Mins
वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर को होगा मतदान, चुनावी मैदान में उतरेंगी प्रियंका गांधी 

चुनाव आयोग ने मंगलवार को केरल की वायनाड लोकसभा सीट (Wayanad Lok Sabha Seat) और महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी है. दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वायनाड से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं. बता दें कि वायनाड सीट कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने खाली की थी, क्योंकि वे इस साल की शुरुआत में हुए आम चुनावों में उत्तर प्रदेश के रायबरेली से भी लोकसभा के लिए चुने गए थे.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress President Mallikarjun Kharge) ने जून में घोषणा की थी कि राहुल गांधी गांधी परिवार की पारंपरिक सीट रायबरेली को बरकरार रखेंगे और वायनाड सीट खाली करेंगे, जहां से पार्टी प्रियंका गांधी को मैदान में उतारेगी. राहुल गांधी ने 2019 और 2024 में वायनाड से लोकसभा चुनाव जीता था और अब वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं. बताते चलें कि वायनाड में 13 नवंबर को मतदान होगा. वहीं 15 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान होगा. इनमें उत्तर प्रदेश की 9 सीट भी शामिल हैं.

झारखंड में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections) का पहला चरण भी 13 नवंबर को होगा. अगर प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव जीतती हैं, तो वह मौजूदा संसद में गांधी परिवार से तीसरी सांसद होंगी. राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) राज्यसभा की सदस्य हैं. प्रियंका गांधी ने सक्रिय राजनीति में उतरने से पहले अमेठी और रायबरेली के पारिवारिक गढ़ों की देखभाल की थी. उन्होंने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से अपना जुड़ाव जारी रखा है. खड़गे ने घोषणा की कि प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी, उन्होंने कहा था कि अमेठी और रायबरेली के साथ उनका दशकों पुराना जुड़ाव जारी रहेगा.

प्रियंका गांधी ने खड़गे और भाई राहुल गांधी की मौजूदगी में कहा था कि मैं वायनाड का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम होने के लिए बहुत खुश हूं और मैं उन्हें उनकी (राहुल गांधी) अनुपस्थिति महसूस नहीं होने दूंगी. मैं कड़ी मेहनत करूंगी और सभी को खुश करने और एक अच्छा प्रतिनिधि बनने की पूरी कोशिश करूंगी. रायबरेली और अमेठी से मेरा बहुत पुराना रिश्ता है और इसे तोड़ा नहीं जा सकता. मैं रायबरेली में अपने भाई की भी मदद करूंगी. हम दोनों रायबरेली और वायनाड में मौजूद रहेंगे.

राहुल गांधी ने कहा था कि रायबरेली और वायनाड दोनों को दो-दो सांसद मिलेंगे. उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि वायनाड में हर कोई यह जान ले कि प्रियंका वायनाड से चुनाव लड़ने जा रही हैं, लेकिन मैं वायनाड का लगातार दौरा करूंगा और मैं वायनाड के लोगों के लिए उपलब्ध रहूंगा और हमने जो वादे किए हैं, उन पर खरा उतरूंगा और उन सभी वादों को पूरा करूंगा. रायबरेली से मेरा पुराना रिश्ता है, मुझे खुशी है कि मुझे फिर से उनका प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा, लेकिन यह एक कठिन फैसला था.

राहुल गांधी ने वायनाड से प्रियंका गांधी के जीतने का भरोसा भी जताया था. उन्होंने कहा था कि प्रियंका गांधी चुनाव लड़ने जा रही हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि वह चुनाव जीतेंगी. वायनाड के लोग सोच सकते हैं कि उनके पास संसद के दो सदस्य हैं, एक मेरी बहन है और दूसरी मैं. वायनाड के लोगों के लिए मेरे दरवाजे हमेशा खुले हैं, मैं वायनाड के हर एक व्यक्ति से प्यार करता हूं. बता दें कि वायनाड सीट के साथ-साथ अन्य विधानसभा और लोकसभा सीटों के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे. 

Wayanad Lok Sabha seat Wayanad news Rahul Gandhi Priyanka Gandhi

Description of the author

Recent News