मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाने की बजाय बॉलीवुड फिल्म ‘पुकार’ का लता मंगेशकर वाला गाना बजने से अचानक हंगामा हो गया. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य गणमान्य व्यक्ति करीब चार मिनट तक खड़े रहे. यह गलती सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
कार्यक्रम में जब वंदे मातरम की बारी आई तो मंच और दर्शक दोनों खड़े हो गए. लेकिन लाउडस्पीकर से पुकार फिल्म का गाना बजने लगा. कोई तुरंत हस्तक्षेप नहीं कर पाया. शिंदे समेत मंच पर बैठे नेता और दर्शक शिष्टाचार निभाते हुए खड़े रहे. शिंदे को समझ आ गया था कि गलत ट्रैक बज रहा है, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखी.
लगभग चार मिनट बाद गाना खत्म हुआ और कार्यक्रम फिर से शुरू हुआ. इसके बाद एकनाथ शिंदे ने मंच से माफी मांगी और अधिकारियों व आयोजकों को निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी गलती न दोहराई जाए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. लोग ऑडियो व्यवस्था में हुई इस चूक पर टिप्पणियां कर रहे हैं.
यह घटना उन दिनों हुई है जब वंदे मातरम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है. हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर पार्टी मुख्यालय में वंदे मातरम को अधूरा गाने की कोशिश की. कांग्रेस ने इस आरोप से इनकार किया है.