Purnia Witch Hunt Case: बिहार में मानवता शर्मसार, 250 लोगों ने एक परिवार को जिंदा जलाया, पूर्णिया के आदिवासी इलाके में मचा हड़कंप

Rahul Jadaun 07 Jul 2025 07:41: PM 2 Mins
Purnia Witch Hunt Case: बिहार में मानवता शर्मसार, 250 लोगों ने एक परिवार को जिंदा जलाया, पूर्णिया के आदिवासी इलाके में मचा हड़कंप

Purnia Witch Hunt Case: बिहार के पूर्णिया जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अंधविश्वास के चलते एक ही परिवार के पांच लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजीगंज पंचायत अंतर्गत टेटगमा गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव के करीब 250 लोगों ने मिलकर डायन बताकर पांच लोगों को पहले पीटा, फिर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। इसके बाद शव को भी गायब कर दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

किसे बनाया गया निशाना?

जानकारी के अनुसार, जिन पांच लोगों की जान गई उनमें बाबूलाल उरांव, उनकी पत्नी सीता देवी, मां कातो मसोमात, बेटा मनजीत उरांव और बहू रानी देवी शामिल हैं। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। घटना के चश्मदीद और मृतक के पुत्र सोनू और ललित ने बताया कि बीती रात करीब 3 बजे गांव के 250 से अधिक लोग उनके घर पर चढ़ आए और सभी को जबरन खींचकर घर से बाहर तालाब किनारे ले गए।

पूरे परिवार को डायन बताकर मार डाला

परिवार के सभी सदस्यों पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाया गया था। ग्रामीणों का आरोप था कि इनकी वजह से गांव में कई लोग बीमार हो रहे हैं। झाड़फूंक करने वाले तांत्रिक नकुल उरांव ने कथित रूप से यह अफवाह फैलाई थी कि सीता देवी और कातो मसोमात ने टोना-टोटका कर गांव के रामदेव उरांव के पुत्र को मार डाला और उसके भतीजे को बीमार कर दिया। इसी अफवाह के आधार पर गांव वालों ने यह वीभत्स कृत्य अंजाम दिया।

ग्रामीणों ने तालाब किनारे पहले सभी की बेरहमी से पिटाई की, फिर पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जला दिया। इतना ही नहीं, घटना के बाद शवों को भी मौके से हटा दिया गया। कुछ जले हुए कपड़े और राख घटनास्थल पर मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वहीं पर वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत, एएसपी आलोक कुमार और अन्य थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी लगाया गया है। तांत्रिक नकुल उरांव और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। पुलिस अभी भी शवों की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों में दहशत है और कई लोग इस घटना को लेकर बोलने से बच रहे हैं। प्रशासन इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है, लेकिन अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान नहीं दिया गया है।

Purnia Witch Hunt Case Family killed in superstition Tetgama village murder Mob lynching in Bihar Baboolal Oraon family Witchcraft violence India