दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश की शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज देश में लाखों युवाओं के भीतर गुस्सा इसलिए है क्योंकि मेहनत और योग्यता के बावजूद उन्हें अवसर नहीं मिल रहे हैं, जबकि पैसे के दम पर व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 40 लाख रुपये देकर लोग पेपर खरीद लेते हैं, नौकरी हासिल कर लेते हैं और गरीब का बेटा पीछे रह जाता है. यही वजह है कि युवाओं में भारी नाराजगी है. उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है.
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि RSS ने पूरी व्यवस्था को कैप्चर कर लिया है. आज शिक्षा व्यवस्था RSS चला रहा है. उनका दावा था कि देश की अधिकांश विश्वविद्यालयों में कुलपति (VC) ऐसे नियुक्त किए गए हैं जो RSS की विचारधारा से जुड़े हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि अगर देश की शिक्षा को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाना है तो इस व्यवस्था को बदलना होगा. उन्होंने कहा, सभी यूनिवर्सिटी में RSS के VC हैं. असली दुश्मन RSS है, यह समझ लो. उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है.
राहुल गांधी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी और RSS की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि, माना जा रहा है कि उनके बयान पर सियासी बयानबाजी तेज हो सकती है. शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है, जबकि सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.