'जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा...' राहुल गांधी का बड़ा ऐलान; 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्र संवाद

Amanat Ansari 03 Aug 2026 06:11: PM 1 Mins
'जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा...' राहुल गांधी का बड़ा ऐलान; 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्र संवाद

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बेरोजगारी, पेपर लीक और रुकी हुई सरकारी भर्तियों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है. उन्होंने 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में छात्र संवाद कार्यक्रम का ऐलान किया है.

सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, “जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा.” उन्होंने कहा कि कोटा और देहरादून के बाद अब “छात्रों की गूंज” प्रयागराज पहुंच रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का वर्तमान छीन लिया है, जबकि रुकी हुई भर्तियों ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है.

राहुल ने हाल ही में दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट के इस्तेमाल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज लगातार उठाती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने युवाओं से 8 अगस्त को प्रयागराज में आने की अपील की.

यह कार्यक्रम कांग्रेस के “छात्रों की गूंज” अभियान का तीसरा चरण है. पहले चरण की शुरुआत 17 जून को कोटा से हुई थी, दूसरा चरण 17 जुलाई को देहरादून में हुआ था. इससे पहले जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर 36 दिन चले प्रदर्शन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था. पार्टी अब युवा असंतोष को राजनीतिक मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रही है.

Rahul Gandhi Unemployment paper leaks stalled government recruitments

Recent News