नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) द्वारा छात्रों को जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल से दूर रहने की सलाह दिए जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखा हमला बोला है. राहुल ने DU पर छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने से रोकने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने X पर लिखा, ''छात्रों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए धमकी देने की हिम्मत कैसे हुई? ध्यान रखें, जब समय आएगा तो जवाबदेही तय होगी.''
DU ने छात्रों और फैकल्टी को अनधिकृत प्रदर्शनों से दूर रहने की सलाह दी थी. यूनिवर्सिटी ने कहा था कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत सख्ती से नियंत्रित हैं. अनधिकृत सभाओं में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है, जो छात्रों के भविष्य पर असर डाल सकती है.
CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के आंदोलन के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हो रहे हैं, जिसमें NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की जा रही है. DU के इस एडवाइजरी पर विपक्षी दलों ने भी नाराजगी जताई है. राहुल गांधी का यह बयान छात्र आंदोलन के समर्थन में विपक्ष की बढ़ती सक्रियता को दर्शाता है.
वहीं JNU ने X पर जारी एडवाइजरी में कहा कि सभी स्टेकहोल्डर्स को सलाह दी जाती है कि वे व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता दें और जंतर-मंतर या आसपास की किसी भी सभा में भाग न लें. यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर भी जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील की है.