कमर्शियल LPG सिलेंडर पर 993 रुपए की भारी बढ़ोतरी बाद राहुल गांधी ने सरकार को घेरा

Amanat Ansari 01 May 2026 05:29: PM 1 Mins
कमर्शियल LPG सिलेंडर पर 993 रुपए की भारी बढ़ोतरी बाद राहुल गांधी ने सरकार को घेरा

नई दिल्ली: चुनाव समाप्त होते ही आम आदमी को महंगाई का नया झटका लगा है. केंद्र सरकार ने आज कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भारी उछाल दिया है. एक ही दिन में 993 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई, जबकि 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम भी 261 रुपए बढ़ा दिए गए. इस फैसले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला.

उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही महंगाई का असर दिखना शुरू हो गया है, जैसा उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी. राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत एक दिन में 993 रुपए बढ़ गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़ोतरी है. उन्होंने बताया कि फरवरी महीने से लेकर अब तक कुल 1,380 रुपए की वृद्धि हो चुकी है, जो करीब 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बराबर है.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के दौरान लोगों को राहत देकर वोट हासिल करने की कोशिश की, और अब चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर छोटे-मोटे कारोबारियों पर पड़ेगा. चाय की दुकान, ढाबा, होटल, बेकरी और मिठाई की दुकानों समेत हर छोटे व्यवसाय की लागत बढ़ जाएगी, जिसका सीधा प्रभाव आम लोगों की थाली पर भी पड़ेगा.

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि गैस सिलेंडर के बाद सरकार अब पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी बढ़ाने की तैयारी कर रही है. संक्षेप में, राहुल गांधी का कहना है कि चुनाव के बाद महंगाई की लहर शुरू हो गई है और आम आदमी को इसके दंश का सामना करना पड़ रहा है.

LPG Rahul Gandhi Inflation Gas Cylinder