लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती का एक और बड़ा उदाहरण सामने आया है. आगरा के पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर सतर्कता टीम (विजिलेंस) ने छापेमारी की.
इस कार्रवाई में अकूत दौलत का खजाना बरामद हुआ है. विजिलेंस टीम को उनके घर से 1.62 करोड़ रुपए नकद, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी (ईंटों और बिस्किट के रूप में) और 20 करोड़ रुपए की अनुमानित कीमत की ज्वेलरी (हीरे सहित) मिली है.
इसके अलावा 13 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. इनमें नोएडा, लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में प्लॉट, फ्लैट और कृषि भूमि शामिल हैं. दो लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं. कुल मिलाकर करीब 35 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति का पता चला है.
यह छापा 2024 में ललित कुमार के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच के तहत किया गया. कोर्ट से सर्च वारंट लेकर 7 और 8 जुलाई को अलीगंज स्थित उनके घर पर तलाशी ली गई. कैश और ज्वेलरी अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखी हुई थी. विजिलेंस टीम को इस सफल कार्रवाई के लिए एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.