लखनऊ: कुंडा के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह इन दिनों गंभीर आरोपों के घेरे में हैं. उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली कोई और नहीं, उनकी अपनी सास मंजुला सिंह हैं. हजरतगंज थाने में दी गई तहरीर में मंजुला सिंह ने दावा किया है कि उनकी जानकारी और मर्ज़ी के बिना उनकी 70 दुकानों का फर्जी किरायानामा तैयार किया गया.
इस जाली दस्तावेज़ के ज़रिए लंबे समय से दुकानदारों से किराया और लाखों रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट वसूली जा रही थी, जबकि एक पैसा भी उनके पास नहीं आया. मंजुला सिंह का आरोप है कि यह सारा खेल उनके पुराने मैनेजर राजेश प्रताप सिंह ने भानवी सिंह के इशारे पर किया. फर्जी किरायानामे के हर पन्ने की जांच करने पर उनके हस्ताक्षर कहीं नहीं मिले, फिर भी उसी कागज़ को असली बताकर दुकानदारों से पैसे ऐंठे गए.
जब मंजुला सिंह को इस धांधली का पता चला और उन्होंने राजेश को बुलाकर सख्ती से पूछताछ की, तो मैनेजर ने सबकुछ कबूल कर लिया. उसने साफ कहा कि सारी वसूली भानवी सिंह के कहने पर हो रही थी. राजेश ने अपना मोबाइल फोन भी मंजुला सिंह को दे दिया, जिसमें भानवी के साथ चैट, कॉल रिकॉर्डिंग्स और पैसे ट्रांसफर के सबूत मौजूद हैं. अब मंजुला सिंह ने वह फोन पुलिस को सौंपने की बात कही है और भानवी सिंह व राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.
हजरतगंज पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन राजा भैया के परिवार से जुड़ा होने की वजह से यह शिकायत पूरे उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गई है. आने वाले दिनों में इस पारिवारिक विवाद के और तूल पकड़ने के आसार हैं.