राजा भैया के घर में ये क्या हो रहा है, रानी के एक ऐलान से महल में हलचल!

Global Bharat 20 Jul 2024 03:03: PM 2 Mins
राजा भैया के घर में ये क्या हो रहा है, रानी के एक ऐलान से महल में हलचल!

राजा भैया के घर में इन दिनों क्या चल रहा है. पहले पिता उदय प्रताप को यूपी पुलिस हाउस अरेस्ट करती है. उसके बाद पत्नी भानवी खुद कहती हैं कि एक पुलिस ऑफिसर मुझे फोन कऱ धमकी दे रहा है. भानवी को कुंडा की जनता रानी मानती है फिर रानी को धमकी देने की हिमाकत किस पुलिसवाले ने की. जब हमने ये जानने की कोशिश की तो पता चला कि मामले के तार दिल्ली तक जुड़े हुए हैं.

फरवरी 2023 में दिल्ली की आर्थिक अपराध शाखा विंग में राजा भैया की पत्नी अपने देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी पर भानवी के फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनी की मेजॉरिटी हथियाने के आरोप लगे. उससे पहले भानवी ने लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में भी शिकायत दर्ज करवाने की कोशिश की थी. पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, इसकी जानकारी भी उन्होंने खुद ही दी थी. उसके बाद भानवी के खिलाफ भी लखनऊ में मुकदमा दर्ज हुआ. यानी यूपी से दिल्ली तक मुकदमों की लंबी फेहरिस्त है. फिर केस के आईयो यानि इनवेस्टिगेशन ऑफिसर ने भानवी को धमकी दी, ये अब तक स्पष्ट नहीं हुआ .

हो सकता है ये मामला भी अदालत तक पहुंचे और ऐसे ऑफिसर का नाम उजागर हो. फिलहाल भानवी एक रानी की तरह नहीं बल्कि सियासत की महारानी की तरह की जिंदगी जीना चाहती हैं, इसीलिए सबसे पहले 15 जुलाई को वो ट्वीट कर लिखती हैं. नारी हूँ मैं लड़ सकती हूँ । बिना रुके मैं चल सकती हूँ ।। क्षत्राणी हूँ रण से क्यों भागूँ । लड़कर जीतूँ या मर सकती हूँ।। भानवी कुमारी सिंह , भदरी रियासत।

जिसके बाद लोगों ने ये कहना शुरू कर दिया कि भदरी रियासत की महारानी लगता है प्रियंका गांधी के लड़की हूं लड़ सकती हूं, कैंपेन से प्रभावित हैं और जल्द ही सियासत में आ सकती है. ये चर्चा इधर जनता के बीच चल ही रही थी, तभी भानवी ने 17 जुलाई को एक नया ट्वीट कर इन चर्चाओं को और हवा दे दी.

उन्होंने लिखा कि कभी कभी सोचती हूँ जब रियासत , राजघरानों से संबंधित महिलाओं को अपने सम्मान, गरिमा की रक्षा के लिए इतना संघर्ष करना पड़ता है। सरकार से याचना करनी पड़ती है और एक आईओ भी किसी की शह पर धमकी भरी भाषा में बात कर सकता है तो आम महिलाओं के साथ क्या होता होगा? अपनी व्यक्तिगत लड़ाई मैं ज़रूर लड़ूँगी लेकिन महिला हितों के लिए बड़ी लड़ाई का भी संकल्प लेकर जल्द मैदान में उतरूँगी।उचित समय का इंतज़ार कीजिए. जिसका सीधा इशारा ये था कि वो सियासत में आ सकती हैं.

ऐसे में सवाल ये है कि क्या नारी हूं लड़ सकती हूं कि बात करने वाली भानवी कांग्रेस का हाथ थामेंगी या फिर किसी और पार्टी के साथ जाने का मन बना रही हैं. इस साल हुए लोकसभा चुनाव में प्रतापगढ़ सीट बीजेपी से छीन गई, सपा प्रत्याशी एसपी सिंह ने यहां से जीत हासिल की है. राजा भैया का झुकाव दिनों-दिन अखिलेश की तरफ नजर आ रहा है, ऐसे में भानवी के सपा में जाने की संभावना तो नहीं दिखती.

बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने राज में राजा भैया को जेल में डाला था और अब भानवी भी अपने पति से न्याय चाहती हैं तो क्या राजा पर दोबारा शिकंजा कसवाने के लिए वो मायावती के पास जाएंगी, ये बड़ा सवाल है. कुंडा की जनता के दिमाग में ऐसे कई सवाल घूम रहे हैं, जिनका जवाब भानवी से बेहतर कोई नहीं जानता. 

Recent News