नई दिल्ली: भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर में देश के वीर जवानों के बीच पहुंचे, जहां श्रीनगर में उन्होंने जवानों के बीच जाकर ना सिर्फ उनका हौसला बढ़ाया, इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने जवानो से हाथ मिलाकर उन्हें ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन के दांत खट्टे करने के लिए बधाई भी दी. अपने दौरे पर रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान को भी ललकारा है, उन्होंने साफ कर दिया है कि अब भारत की पहली प्राथमिकता आतंकवाद का सफाया और पीओके को वापस लेना है.
सिर्फ पीओके पर ही बात होगी- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को ललकारते हुए कहा कि भारतीय सेना के साथ हमारी सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारे लोगों से उनका धर्म पूछ कर मारा लेकिन भारतीय जवानों ने उनका कर्म देख कर मारा, इसके साथ ही रक्षामंत्री ने कहा कि पाकिस्तान के साथ अब सिर्फ पीओके खाली कराने पर ही बात होगी, हमारी सेना ने उनकी छाती पर घुस कर मारा है. पाकिस्तान बात-बात पर न्यक्लियर की धमकी देना बंद करे, भारत को ऐसी धमकियों से कोई फर्क नहीं पड़ता है.
आतंक और बात एक साथ नहीं- राजनाथ सिंह
देश के रक्षा मंत्री ने साफ कर दिया है कि अब आतंकवाद और बात एक साथ नहीं चल सकता है, हमारी सेना हर परिस्थिति में दुश्मन को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह से सक्षम है, और हमें अपनी सेना पर गर्व है. रक्षा मंत्री के इस बयान को पाकिस्तान के लिए एक बड़ी चेतावनी की तरह ही देखा जा रहा है.