नई दिल्ली: 22 अप्रैल की दोपहर में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में जो ऑपरेशन सिदूंर चलाया, उसके बारे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मिडिया को बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय ऑपरेशन इतना जोरदार था कि 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और पीओके में घुस कर हमारी सेना ने 9 जगहों पर आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया. इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकियों का खात्मा हुआ है. इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से हमने आतंकियों को करारा जवाब दिया है. इसके बाद सभी को पता चल चुका है कि भारत आतंक के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई कर रहा है.
पाकिस्तान को लगाई फटकार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दौरान पाकिस्तान को भी जमकर फटकार लगाई, उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान में आतंक का खात्मा करने के लिए लॉन्च किया गया था. भारतीय सेना ने सिर्फ आतंकियों को निशाना बनाया, इस दौरान किसी भी आम इंसान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया. लेकिन आतंकियों पर हमला होने से तिलमिलाए पाकिस्तान की सेना ने आम नागरिकों पर हमला किया, उन्होंने मंदिर, गुरुद्वारा, मस्जिद और गिरजाघर को भी नहीं छोड़ा, इन सभी पर हमला पाकिस्तानी आर्मी की तरफ से किया गया.
हमने रावलपिंडी तक मारा- रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने सेना के शौर्य की तारीफ करते हुए कहा कि, भारतीय सेना ने हमेशा ही अपने पराक्रम और शौर्य का परिचय दिया है. हमारी सेना ने संयम के साथ कार्रवाई की, और पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर कड़े प्रहार किये. भारतीय सेना ने सिर्फ बॉर्डर के पास ही नहीं बल्कि रावलपिंडी तक भारतीय धमाकों की गूंज पहुंचाई, इसी रावलपिंडी शहर में पाकिस्तानी फौट का हेडक्वार्टर भी है.
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत जीरो टॉलरेंस की नीति का ही पालन करेगा. और इसके लिए सरहद के दोनों तरफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी. भारत किसी भी हाल में आतंकवाद को पूरी तरह से खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित है. और इसी दिशा में कार्रवाई की जाती रहेगी