बाबासाहेब के सपनों के भारत का हो रहा निर्माण, उनके आदर्शों के पथ पर मोदी सरकार अनवरत गतिशील है: रामदास अठावले

Amanat Ansari 26 Nov 2025 08:09: PM 1 Mins
बाबासाहेब के सपनों के भारत का हो रहा निर्माण, उनके आदर्शों के पथ पर मोदी सरकार अनवरत गतिशील है: रामदास अठावले

नई दिल्ली: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले जी ने कांस्टीटयूशन क्लब में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान निर्माता वंदनीय बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के विचारों को जन जन तक पहुंचाने के लिए आरपीआई प्रतिबद्ध है तथा बाबासाहेब के सपनों के भारत निर्माण के लिए आरपीआई हरसंभव प्रयास करेगी. रामदास अठावले ने कहा कि आरपीआई अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति सहित समाज के सभी वंचित वर्गों के न्याय के लिए अपना संघर्ष एवं समर्पण निरन्तर ज़ारी रखेगी.

रामदास अठावले ने कहा कि संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर ने देश की आजादी के बाद जिस भारत का सपना देखा, उस सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. अठावले ने कहा कि बाबासाहेब के आदर्शों के पथ पर मोदी सरकार अनवरत गतिशील है और जिस सामाजिक न्याय और समान अधिकार के लिए बाबासाहेब ने पूरा जीवन समर्पित कर दिया, आज वह सामाजिक न्याय केवल किताबों तक न सिमट कर वास्तविकता का रूप ले चुका है.

रामदास अठावले जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंबेडकर के 125वें जयंती वर्ष के रूप में 26 नवंबर 2015 से 'संविधान दिवस' मनाने की क्रांतिकारी पहल  की और यह बाबासाहेब के प्रति सही मायनों में सबसे सच्ची श्रद्धांजलि रही. उन्होंने आगे कहा कि दरअसल, 26 नवम्बर 1949 को संविधान को तैयार कर देश को समर्पित करने में बाबासाहेब ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. इसलिए, केन्द्र सरकार ने 26 अप्रैल को आधिकारिक रूप से ‘संविधान दिवस’ की घोषणा कर भीमराव आंबेडकर के महान योगदान को सम्मान देने की पहल की.

रामदास अठावले ने कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आवाह्न करते हुए कहा कि अपने प्रदेश,अपने जिले, अपने क्षेत्र व गांव की समस्या के समाधान के लिए आऱपीआई के नेतृत्व में सामाजिक न्याय के लिए पुरजोर तरीके से सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़कर आमजन का विश्वास जीतें व संगठन को सशक्त बनाने में प्रतिभागी बनें.

Constitution Day Ramdas Athawale PM Modi Bhimrao Ambedkar

Recent News