महाराष्ट्र में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया RPI (A) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले (Ramdas Athawale) ने हाल ही में कहा कि उनकी पार्टी को सत्ता में भागीदारी मिलनी चाहिए. उन्होंने बताया कि RPI (A) ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) को 20 से 21 सीटों की सूची सौंप दी है और कम से कम 8 से 10 सीटों की मांग की है. आठवले ने कहा कि सीटों की संख्या कुछ कम या ज्यादा हो सकती है, लेकिन RPI (A) को उचित हिस्सा मिलना जरूरी है. उन्होंने यह भी मांग की है कि महाराष्ट्र में गवर्नर द्वारा नियुक्त 12 एमएलसी में से एक एमएलसी आरपीआई को दिया जाए, साथ ही दो से तीन महा मंडल अध्यक्ष पद भी मिलें.
रामदास आठवले ने कहा कि यदि आरपीआई महायुति (Mahayuti) के साथ है, तो सत्ता में आने में कोई समस्या नहीं होगी, क्योंकि महाराष्ट्र का माहौल लोकसभा से अलग है. इसके अलावा, आठवले ने राहुल गांधी के विधानसभा में भ्रष्टाचार के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का यह बयान हमें बहुत लाभ पहुंचाएगा. हमारा लक्ष्य है कि हम विधान सभा में 160 से अधिक सीटें जीतें. लोकसभा में हमें बड़ा नुकसान हुआ था, लेकिन हम इसे सुधारने की उम्मीद कर रहे हैं.
महाराष्ट्र विधान सभाचुनाव (Maharashtra Assembly Election) 288 निर्वाचन क्षेत्रों में होने हैं. चुनाव की तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है. आगामी चुनावों में महा विकास आघाड़ी (UBT शिवसेना, एनसीपी - शरद पवार गुट, और कांग्रेस) और महा युति (भाजपा, शिवसेना - एकनाथ शिंदे गुट, और एनसीपी - अजित पवार गुट) के बीच मुकाबला होगा.
साथ ही रामदास अठावले ने कहा कि तीसरी आघाड़ी को हमारे साथ आना चाहिए, बच्चू कडू को भी हमारे साथ आना चाहिए और हम तीसरी अघाड़ी में नही जाएंगे, जहा मैं नहीं उस आघाड़ी का कोई मतलब नहीं है. अकेले लड़ने की जीत संभव नहीं, लेकिन हम जिस भी गठबंधन के साथ रहेंगे तो उसमे मजबूती मिलेगी. इसके अलावा रामदास आठवले ने लाड़ली बहन योजना पर भी बयान दिया.
उन्होंने कहा कि इस योजना का फायदा विधानसभा चुनाव में मिलेगा. अगर लोकसभा चुनाव में यह योजना आती तो महायुति को बहुत फायदा होगा. आठवले ने कहा कि अगर उन्हें उचित हिस्सा मिला तो वे महायुति के साथ मिलकर चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेंगे. यह देखना होगा कि RPI (A) की मांगों पर सरकार क्या निर्णय लेगी और चुनावों में उनकी भूमिका क्या होगी.