सरकार की नाराजगी पड़ी भारी, 128 दिन में हटे रामपुर के एसपी, जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण के आदेश के बाद हुआ था हंगामा

Global Bharat 18 Jul 2026 10:13: PM 1 Mins
सरकार की नाराजगी पड़ी भारी, 128 दिन में हटे रामपुर के एसपी, जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण के आदेश के बाद हुआ था हंगामा

रामपुर : उत्तर प्रदेश सरकार ने रामपुर के पुलिस अधीक्षक आईपीएस सोमेंद्र मीना का तबादला कर उन्हें एसपी, क्षेत्रीय अभिसूचना आगरा के पद पर भेज दिया है. उनकी जगह आईपीएस अनिल कुमार सिंह को रामपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक तनाव चरम पर है. 

हाल के दिनों में रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को अवैध निर्माण बताते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया, इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम यूनिवर्सिटी परिसर पहुंची, जहां आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा ने पुलिस की मौजूदगी पर आपत्ति जताई. इस दौरान समर्थकों की भीड़ जुटी और माहौल तनावपूर्ण हो गया. पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा.

सरकारी स्तर पर तबादले की कोई आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की गई है. हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था की संवेदनशील स्थिति के बीच यह प्रशासनिक बदलाव किया गया. 

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, जबकि प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय और नियमानुसार की जा रही है. जौहर यूनिवर्सिटी लंबे समय से भूमि, निर्माण और अन्य मामलों को लेकर कानूनी विवादों में रही है.

रामपुर में नए एसपी अनिल कुमार सिंह के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती संवेदनशील माहौल में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े प्रशासनिक अभियानों को शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ाना होगी. वहीं, यह तबादला प्रदेश की राजनीति और पुलिस प्रशासन दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है.

Rampur SP Transfer Somendra Meena IPS Azam Khan Jauhar University Tanzim Fatima Protest Anil Kumar Singh Rampur SP

Description of the author

Recent News