मैसूर: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह मंगलवार को कर्नाटक के प्रसिद्ध चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे. 'कांतारा' फिल्म से जुड़े विवाद का प्रायश्चित करने के लिए वे यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचे. कर्नाटक हाई कोर्ट ने पिछले महीने रणवीर सिंह को इस मामले में बिना शर्त माफी मांगने के बाद राहत दी थी. कोर्ट ने उन्हें अपने आचरण के लिए प्रायश्चित स्वरूप चामुंडेश्वरी देवी के दर्शन करने का निर्देश दिया था. उसी आदेश का पालन करते हुए रणवीर मंदिर पहुंचे.
क्या था पूरा विवाद?
विवाद फिल्म ‘कांतारा-1’ में दिखाए गए देवता की नकल करने से जुड़ा है. गोवा में फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह के दौरान रणवीर पर एक देवता की नकल करने और उसे ‘शैतान’ कहने का आरोप लगा था. धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था. रणवीर सिंह ने कोर्ट में बिना शर्त माफी मांगी. हाई कोर्ट ने उनका संशोधित हलफनामा स्वीकार कर लिया और FIR रद्द कर दी, साथ ही मंदिर जाकर प्रायश्चित करने को कहा.
चामुंडेश्वरी मंदिर की खासियत
मैसूर से करीब 13 किलोमीटर दूर चामुंडी पहाड़ियों पर स्थित यह मंदिर देवी चामुंडेश्वरी को समर्पित है. इन्हें मां दुर्गा का अवतार माना जाता है. किवदंती है कि देवी ने महिषासुर राक्षस का वध किया था. यह 18 शक्तिपीठों में से एक है और कर्नाटक की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक धरोहर है. रणवीर सिंह फिलहाल ‘डॉन-3’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इस पुराने विवाद का प्रायश्चित करने के लिए उन्होंने मंदिर पहुंचकर धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन किया.