रविंद्र जडेजा ने कानपूर में रच दिया इतिहास, ऐसा करने वाले बने अश्विन के बाद सबसे तेज भारतीय

Global Bharat 30 Sep 2024 03:27: PM 1 Mins
रविंद्र जडेजा ने कानपूर में रच दिया इतिहास, ऐसा करने वाले बने अश्विन के बाद सबसे तेज भारतीय

टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच कानपूर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस टेस्ट मैच के पहले 3 दिन ख़राब हुए लेकिन टेस्ट मैच के चौथे दिन टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने इतिहास रच दिया. दरअसल स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट में एक नया किरितमान स्थापित किया, जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 300 से अधिक विकेट लेने वाले सातवें भारतीय गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया. 

आपको बता दें, बांग्लादेश की पहली पारी में जडेजा ने 9.2 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया. उन्होंने 75वें ओवर में खालिद अहमद को चार गेंदों पर बिना किसी रन के आउट किया. जडेजा अब रविचंद्रन अश्विन के बाद 300 विकेट लेने वाले दूसरे सबसे तेज गेंदबाज बन गए हैं. जडेजा ने यह कीर्तिमान 17428 गेंदों में हासिल किया, जबकि अश्विन ने 15636 गेंदों में 300 विकेट लिए थे.

जडेजा ने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया. तब से लेकर अब तक उन्होंने 73 टेस्ट मैच खेले हैं और 138 पारियों में 300 विकेट लिए हैं. उनका इकोनॉमी रेट 2.47 है, और उन्होंने 106 पारियों में 3122 रन भी बनाए हैं.

अगर टेस्ट मैच के हालात की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले दिन का खेल 107/3 पर समाप्त हुआ. दूसरे और तीसरे दिन बारिश और गीली पिच के कारण खेल नहीं हो सका. चौथे दिन कुछ सकारात्मक क्रिकेट देखने को मिला, जिसमें शादमान इस्लाम (24) और कप्तान नाजमुल हुसैन शांति (31) ने अच्छी बल्लेबाजी की. ममिनुल हक ने बांग्लादेश के लिए 13वां टेस्ट शतक बनाया और टीम को 233 रनों पर पहुंचाया. 

इस मैच में जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए. मोहम्मद सिराज, रविचंद्रन अश्विन और आकाश दीप ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जडेजा ने एक विकेट लिया. 

इस मैच से पहले भारत ने पहले टेस्ट में बांग्लादेश को 280 रनों से हराया था. भारत की टीम इस दो मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है. 

Ravindra Jadeja IND vs BAN 2nd Test India vs Bangladesh 2nd Test

Recent News