आरसीबी दूसरी बार बनी आईपीएल चैंपियन, गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब किया नाम

Global Bharat 31 May 2026 11:48: PM 1 Mins
आरसीबी दूसरी बार बनी आईपीएल चैंपियन, गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब किया नाम

Gujarat Titans vs RCB Final : अहमदाबाद के विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 का फाइनल इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया, जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली. कभी ‘चोकर्स’ कहलाने वाली आरसीबी अब चैंपियंस की नई पहचान बन चुकी है. 17 साल तक खिताब का इंतजार करने वाली इस टीम ने अब बैक-टू-बैक ट्रॉफी जीतकर अपनी ताकत और निरंतरता साबित कर दी है, इससे पहले आईपीएल में सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर पाई थीं.

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत दबाव में रही, लेकिन विराट कोहली ने एक बार फिर बड़े मंच पर अपनी महानता साबित की. कोहली ने 45 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली और मात्र 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया. दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन विराट अंत तक डटे रहे और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाकर ही वापस लौटे. उनकी यह पारी फाइनल की सबसे बड़ी कहानी बन गई.

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने भी इतिहास रच दिया. तीन साल पहले इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल हुए पाटीदार ने लगातार दूसरे साल टीम को चैंपियन बनाकर खुद को लीग के सफल कप्तानों की सूची में शामिल कर लिया. अब वह महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने अपनी टीम को लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जिताई है.

गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने शानदार प्रदर्शन किया. भुवनेश्वर ने पूरे सीजन में 28 विकेट लेकर आरसीबी की सफलता में अहम भूमिका निभाई. फाइनल में गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम 8 विकेट पर सिर्फ 155 रन ही बना सकी.  आरसीबी के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए गुजरात को कभी मैच में वापसी का मौका नहीं दिया और अंततः एक और यादगार जीत के साथ इतिहास रच दिया.

RCB IPL 2026 Champion Virat Kohli Fastest IPL Fifty Rajat Patidar Captaincy Record Gujarat Titans vs RCB Final IPL 2026 Final Match Highlights

Description of the author

Recent News