राजद का जदयू को बड़ा ऑफर: भाजपा छोड़ो, साथ मिलकर बिहार में समाजवादी सरकार बनाएं

Amanat Ansari 15 Sep 2026 06:34 PM 1 Mins
राजद का जदयू को बड़ा ऑफर: भाजपा छोड़ो, साथ मिलकर बिहार में समाजवादी सरकार बनाएं

पटना: समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर सियासी घमासान के बीच राजद ने जदयू को गठबंधन का न्योता दे दिया है. राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से अपील की है कि भाजपा का साथ छोड़कर राजद के साथ आएं और बिहार में नई समाजवादी सरकार बनाएं.

भाई वीरेंद्र ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, “यह बिहार है. यहां नागपुर का नहीं चलेगा. बिहार में यूसीसी लागू नहीं होने देंगे. नीतीश कुमार भी स्टैंड ले चुके हैं. उनसे कहेंगे कि वैसे लोगों (भाजपा) को छोड़िए, इधर आइए और हम मिलकर सरकार बनाएं. भाजपा को लात मारकर आएं.”

उन्होंने दोनों दलों को समाजवादी बताते हुए कहा कि जदयू और राजद की राजनीति एक ही है. इसलिए समाजवादी दलों को एक साथ आना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ‘नागपुर’ से चल रही है और नीतीश कुमार के साथ कुछ ऐसे लोग लगे हैं जो उन्हें बर्बाद कर रहे हैं.

जदयू ने ठुकराया ऑफर

जदयू ने राजद का यह प्रस्ताव तुरंत खारिज कर दिया. डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा, “हम राजद के सुझावों पर नहीं चलते. राजद क्या चाहती है, उससे हमें कोई मतलब नहीं. जदयू को सिर्फ अपनी सोच और गठबंधन के दलों की सोच से मतलब है.”

ज्ञात हो कि जदयू और राजद पहले भी दो बार साथ सरकार बना चुके हैं—2015-17 और 2022-24 के बीच. दोनों बार महागठबंधन की सरकार रही थी.
यूसीसी पर जदयू ने अभी तक सस्पेंस बनाए रखा है. पार्टी ने कहा है कि ड्राफ्ट आने के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा.

Bihar News Bihar Politics Political News RJD JD(U) Bihar BJP Government

Recent News