कोलकाता: टीएमसी से बागी और NDA का समर्थन करने वाली लोकसभा सांसद सायोनी घोष ने एक महीने बाद सोशल मीडिया पर सक्रियता दिखाई है. उन्होंने दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में हुई नाबालिग लड़की की बलात्कार व हत्या की जघन्य घटना पर कड़ी निंदा की और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात की.
सायोनी ने X पर लिखा, ''मैं दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर सुरजापुर में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई घिनौनी घटना की कड़ी निंदा करती हूं. मैं पीड़िता और उसके परिवार के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी हूं और गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं.'' उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की है. CM ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे मामले की व्यक्तिगत निगरानी कर रहे हैं. गिरफ्तारियां हो रही हैं और SIT गठित कर दी गई है.
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाएगा. सायोनी ने लिखा, ''बारुईपुर का सांसद होने के नाते मैं इस पूरे मामले को लिखित रूप में मुख्यमंत्री को भेजूंगी और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाऊंगी.''
मॉब लिंचिंग पर सख्त रुख
सायोनी ने भीड़ द्वारा एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की भी निंदा की. उन्होंने कहा, ''कानून को हाथ में लेना स्वीकार्य नहीं है. कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है. मैं शांति की अपील करती हूं और बारुईपुर SP के साथ लगातार संपर्क में हूं.''
घटना क्या है?
बारुईपुर इलाके में 11 वर्षीय नाबालिग लड़की शनिवार को घर से निकली थी, उसके बाद लापता हो गई. रविवार को उसका शव बोरी में मिला. इस घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने एक व्यक्ति को बलात्कार-हत्या के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच SIT कर रही है.