अब डिंपल यादव ने नवाब सिंह यादव को बताया इस पार्टी का खास, PM मोदी पर भी साधा निशाना

Global Bharat 16 Aug 2024 06:25: PM 2 Mins
अब डिंपल यादव ने नवाब सिंह यादव को बताया इस पार्टी का खास, PM मोदी पर भी साधा निशाना

करहल विधानसभा उप चुनाव, स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का भाषण, एक राष्ट्र एक चुनाव जैसे मुद्दों पर समाजवादी पार्टी (SP) की नेता और सांसद डिंपल यादव ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि करहल विधानसभा सीट मैनपुरी लोकसभा में आता है और यहां के लोगों के साथ पार्टी लगातार संपर्क में है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी करहल सीट से अच्छे मतों से जीतेगी. डिंपल यादव ने कहा कि अन्य 9 विधानसभा सीटों पर भी सपा अच्छा करेगी और सभी 9 सीटें जीतेगी. साथ ही महिला सुरक्षा और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब हो रही है और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में महिला सुरक्षा की स्थिति खराब है.

उन्होंने कहा कि ठोस नीति के तहत काम करने की जरूरत है. वहीं 15 अगस्त को पीएम मोदी के भाषण को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी. इसे लेकर डिंपल यादव ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव परिणाम से पूरी भारतीय जनता पार्टी हताश है और समझ रही है कि आने वाले समय में और भी मुसिबतें आ सकती हैं. उन्होंने कहा कि एक तरफ वन नेशन वन टैक्स की बीजेपी बात करती है और दूसरी तरफ व्यापारियों से जीएसटी लेकर उन्हें तबाह किया जा रहा है. डिंपल यादव ने कहा कि बीजेपी वन नेशन वन इलेक्शन और वन नेशन वन टैक्स को लेकर दोहरी राजनीति कर रही है.

मुस्लिम और यादव अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले पर उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ विशेष जाति को ही आगे बढ़ा रही है और आने वाले दिनों में भाजपा को इसका जवाब मिलेगा. डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में यूपी में 80 में से 80 सीटों पर जीत का दावा कर रही थी, लेकिन परिणाम कुछ और ही निकला. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव जीतने के लिए शासन-प्रशासन का प्रयोग किया है, लेकिन इस बार वह नहीं चलेगा.

डिंपल यादव ने कहा कि इस बार हम समझ गए हैं कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए क्या नीति अपनाती है, इसलिए इस बार हमारी पार्टी बीजेपी के कुचक्र को भेद देगी. डिंपल यादव ने कहा कि इस बार भी चुनाव का मुद्दा वही रहेगा जो लोकसभा चुनाव में थे. उन्होंने कहा कि अभी भी सवाल बरकरार है कि युवाओं को नौकरी मिलनी चाहिए, सस्ती बिजली चाहिए और किसानों को राहत चाहिए.

डिंपल यादव ने ऐलान किया है कि इन्हीं मुद्दों (नौकरी, सुरक्षा, किसान, बिजली) लेकर हम चुनाव में जाएंगे. नवाब सिंह यादव को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले काफी समय से नवाब सिंह यादव सपा नहीं बल्कि बीजेपी के संपर्क में थे और उनके भाजपा के साथ रिश्ते अच्छे थे, जबकि कई सालों से वह सपा से बाहर थे. साथ ही उन्होंने कहा कि महिला के मुद्दे पर बीजेपी राजनीति करती है और मौके को अवसर के रूप में देखती है. डिंपल यादव ने कहा कि जिस तरह आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं और सपा को फंसाया जा रहा है तो मैं समझती हूं इस पर कार्रवाई होनी चाहिए और जो भी दोषी हो उसे सजा मिलनी चाहिए.  

Recent News