Asad Surya News : गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. रविवार को भाजपा के वरिष्ठ और फायरब्रांड नेता संगीत सोम पीड़ित परिवार से मिलने खोड़ा पहुंचे. उन्होंने मृतक सूर्या के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की.
मीडिया से बातचीत के दौरान संगीत सोम ने आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि जेहादी मानसिकता रखने वालों के साथ सही कार्रवाई हुई है. उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी सोच रखने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है. सूर्या की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह की घटना हुई, उससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए.
भाजपा नेता ने कहा कि प्रशासन द्वारा मुख्य आरोपी असद के घर पर नोटिस चस्पा किया जा चुका है और आगे भी कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दावा किया कि अवैध निर्माण पाए जाने की स्थिति में बुलडोजर कार्रवाई भी हो सकती है.
संगीत सोम ने कहा कि सरकार और भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग भी मौजूद रहे. सूर्या हत्याकांड को लेकर इलाके में अब भी तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है.