संजीव बालियान ने लिखा गृहमंत्री अमित शाह को पत्र, कहा मेरी जांच CBI से करवाइए!

Global Bharat 22 Jun 2024 08:17: PM 1 Mins
संजीव बालियान ने लिखा गृहमंत्री अमित शाह को पत्र, कहा मेरी जांच CBI से करवाइए!

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में करारी हार मिलने के बाद यूपी बीजेपी में जबरदस्त रार देखी जा रही है. नेता और अधिकारी एक दूसरे पर हार ठीकरा फोड़ रहे हैं. इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने गृहमंत्री अमित शाह को एक चिट्ठी लिखी है और अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है.

पत्र में संजीव बाल्यान ने बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम के द्वारा लगाए आरोपों का जिक्र करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और इन आरोपों के पीछे छिपे षड्यंत्रकारियों का चेहरा बेनकाब करने की बात कही है.

दरअसल, संगीत सोम ने संजीव बालियान पर विदेशों (आस्ट्रेलिया) में जमीनों की खरीद-फरोख्त का गंभीर आरोप लगाया था. जिसके बाद विपक्ष के नेता भी संजीव बालियान को घेर रहे हैं और लगातार इस पर बयानबाजी हो रही है.

पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने पत्र में लिखा है कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी सदैव स्वच्छ राजनीति के प्रतिबिंब रहे हैं और उनके इन्हीं आदर्शों से प्रेरणा लेकर मेरे द्वारा भी सदैव इसी पथ पर चलने का प्रयास किया गया है.

हाल ही के दिनों में मीडिया के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बात प्रकाश में आई है. उन्होंने लिखा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के एक पूर्व विधायक के लेटर हैड पर एक पत्र पत्रकारों को वितरित किया गया है. जिसपर मुझपर भ्रष्टाचार के निराधार आरोप लगाए गए हैं.

संजीव बालियान ने पत्र में लिखा है कि मैं उस आरोपों का खंडन करता हूं और क्योंकि मैं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोनों सरकारों में मंत्री रहा हूं, इसलिए मुझ पर लगाए गए ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराना मेरा दायित्व है.

अतः मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि उन सभी आरोपों की जांच सीबीआई से या अन्य किसी उच्च स्तरीय संस्था से कराई जाए, ताकि मुझ पर लगाए गए उन सभी आरोपों की सच्चाई देश के समक्ष आ सके. उन्होंने पत्र में लिखा है कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि विगत 10 वर्षों के कार्यकाल में मेरे द्वारा कोई ऐसा कार्य नहीं किया गया है, जिसके कारण मुझे सिर झुकाना पड़े.

Recent News