नई दिल्ली: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के मलकापुर इलाके से एक बेहद घिनौना और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक 40 वर्षीय स्कूल शिक्षक ने 16 साल की नाबालिग छात्रा को प्रैक्टिकल परीक्षा में ज्यादा नंबर दिलवाने के लालच देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि शिक्षक ने इस जघन्य अपराध का पूरा वीडियो पीड़िता की ही 16 साल की सहेली से बनवाया.
यह वारदात इस साल अक्टूबर महीने की है. आरोपी शिक्षक का नाम मुकेश रबडे है, जो मोताला तालुका के तरोडा गांव का रहने वाला है. उसने छात्रा को फोन पर कहा कि उसके पास अच्छे नोट्स और किताबें हैं तथा वह प्रैक्टिकल के अंक भी बढ़वा देगा. इसी बहाने 28 अक्टूबर को उसने लड़की को मलकापुर तहसील चौक पर बुलाया और फिर एक कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार किया.
दुष्कर्म के समय शिक्षक ने पीड़िता की सहेली को वीडियो कॉल किया और उसे पूरी घटना की स्क्रीन रिकॉर्डिंग करने को मजबूर किया. जब छात्रा ने विरोध जताया तो आरोपी ने उसे पीटा भी. अगली सुबह उसने लड़की को धमकी देकर छोड़ा कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देगा और उसके परिवार वालों को जान से मार देगा.
इसके बाद भी आरोपी बार-बार छात्रा को फोन करता रहा. जब लड़की ने उसके कॉल उठाना बंद कर दिया तो करीब एक सप्ताह पहले आरोपी के इशारे पर उसकी सहेली ने ही वह आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पूरा मामला खुला.
मलकापुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षक मुकेश रबडे और वीडियो बनाने वाली नाबालिग सहेली (नांदुरा तालुका की रहने वाली) के खिलाफ POCSO एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. शिक्षक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले की गहन जांच चल रही है.
यह घटना समाज में शिक्षकों के प्रति विश्वास को गहरी चोट पहुंचाने वाली है और एक बार फिर नाबालिगों की सुरक्षा का गंभीर सवाल खड़ा करती है.