नई दिल्ली: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई. अज्ञात बंदूकधारियों ने टैंक जिले के गिरह बलूच इलाके (दक्षिण वजीरिस्तान की सीमा से लगा) में हमला किया.
मृत अधिकारी पाकिस्तान चुनाव आयोग (ECP) के डायरेक्टर जनरल शमशाद अख्तर बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने शक के आधार पर उन्हें गोली मार दी. गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. रेस्क्यू 1122 के कर्मचारियों ने शव को डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर अस्पताल पहुंचाया.
शुरुआती जांच में स्थानीय पुलिस ने बताया कि अख्तर को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी. परिवार के सदस्यों के अनुसार, अख्तर अपने भाई की मौत के बाद टैंक आए थे, जिनकी शुक्रवार को मृत्यु हो गई थी. पुलिस और सुरक्षा बलों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान चुनाव आयोग (ECP) ने बयान जारी कर अख्तर की मौत पर गहरा दुख जताया. चीफ इलेक्शन कमिश्नर, आयोग के सदस्यों, सचिव और सभी स्टाफ ने शोक व्यक्त किया. आयोग ने कहा कि वह इस मुश्किल समय में परिवार के साथ है और मृतक तथा परिवार के लिए सब्र व ताकत की प्रार्थना करता है. ECP ने सरकार से आग्रह किया कि सभी सरकारी कर्मचारियों को आतंकवाद से सुरक्षा दी जाए.