नेपाल में फिर जल प्रलय: बूढ़ी गंडक नदी में अचानक बाढ़, कई गांव डूबे, 4 लोग लापता

Amanat Ansari 11 Oct 2026 02:58 PM 1 Mins
नेपाल में फिर जल प्रलय: बूढ़ी गंडक नदी में अचानक बाढ़, कई गांव डूबे, 4 लोग लापता

नई दिल्ली: नेपाल में दो महीने पहले आई भीषण बाढ़ के बाद फिर से जल प्रलय आ गया है. गोरखा जिले में रविवार को बूढ़ी गंडक (Budhi Gandaki) नदी में अचानक भयंकर बाढ़ आ गई. नदी का पानी आसपास के गांवों में घुस गया, कई घर और पुल बह गए. कम से कम चार लोगों के लापता होने की खबर है. प्रशासन उनकी तलाश में जुटा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे अचानक नदी में सैलाब आ गया.

सुबह करीब 4 बजे पानी गांवों में घुसने लगा, जिसके बाद लोग ऊंचे स्थानों की ओर भाग निकले. गंडकी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को भी नुकसान पहुंचा है और कुछ उपकरण बह गए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में चुन्चुब्री स्यारी नदी का पानी रुक गया था, जिससे झील बन गई. यही पानी तेजी से नीचे आया. स्थानीय लोगों को संदेह है कि चुमनुब्री-6 में लोकपा और चुमलिंग के बीच बूढ़ी गंडकी की सहायक नदी स्यार का प्रवाह बाधित हो गया होगा.

चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 के अध्यक्ष राम कुमार गुरुंग ने बताया कि सल्लेरी, पायूका और जगत में नदी किनारे स्थित मकान बह गए. वार्ड को जोड़ने वाला एक पुल भी बह गया. गोरखा के मुख्य जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि सिउरीबास के ऊपरी इलाके में भूस्खलन हुआ था.

अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी गोरखा के कई इलाकों में 35 से अधिक मकान बह गए. चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुंग ने कहा कि इस बाढ़ ने रसुवा में भोटेकोशी नदी की बाढ़ की याद दिला दी. 26 अगस्त को त्रिशूली और भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ में गांव के गांव साफ हो गए थे. इसमें कम से कम 1455 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी और 5 हजार से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं.

Recent News