गोपालगंज: नर्तकी के डांस कार्यक्रम के दौरान समर्थकों द्वारा हथियार लहराने के विवादित मामले में मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली. गोपालगंज के व्यवहार न्यायालय में एमपी-एमएलए कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी रोकने की याचिका को ठुकरा दिया. आज हुई सुनवाई में अनंत सिंह के वकील राजेश कुमार पाठक ने कोर्ट में लंबी दलीलें दीं.
उन्होंने पुलिस की पूरी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया. वकील ने दावा किया कि गिरफ्तारी की प्रक्रिया में कई कानूनी खामियां हैं और मामला दबाव में दर्ज किया गया प्रतीत होता है. हालांकि, अदालत ने बचाव पक्ष की इन दलीलों को फिलहाल पर्याप्त नहीं माना और गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. इस फैसले को अनंत सिंह के लिए बड़ा नाकामयाबी माना जा रहा है. अब गिरफ्तारी की तलवार उनके सिर पर बनी हुई है.
कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अगली सुनवाई 20 मई को तय की है. साथ ही पुलिस को केस डायरी भी पेश करने का आदेश दिया है, ताकि अगली तारीख पर पूरे मामले का विस्तार से अध्ययन किया जा सके. इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में फिर से चर्चा गरमा गई है.
सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की नजर अब 20 मई की सुनवाई पर टिकी हुई है. देखना होगा कि पुलिस अपने सबूतों से कोर्ट को संतुष्ट कर पाती है या अनंत सिंह का पक्ष और मजबूत दलीलों के साथ उभरता है. यह मामला अब कानूनी के साथ-साथ राजनीतिक अखाड़े में भी सुर्खियों में बना हुआ है.