नई दिल्ली: पुलवामा आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ता और अल-बद्र संगठन के कमांडर हमजा बुरहान की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुक्रवार को इस्लामाबाद में हुए उसके जनाजे में पाकिस्तान का असली चेहरा एक बार फिर सामने आ गया. जनाजे में भारत के कई मोस्ट वांटेड आतंकियों ने खुलकर शिरकत की. इनमें हिजबुल मुजाहिदीन चीफ सैयद सलाहुद्दीन और अल-बद्र के सरगना बख्त जमीन खान समेत अन्य खतरनाक आतंकी शामिल थे.
#WATCH : Many Pakistani Terrorists Seen at Funeral of Pulwama Attack Mastermind Hamza Burhan#PulwamaAttack #HamzaBurhan #Terrorism #Pakistan #Pulwama #Terrorist pic.twitter.com/htJ6KDXfVd
— upuknews (@upuknews1) May 23, 2026
‘डॉक्टर’ नाम से मशहूर था हमजा
हमजा बुरहान को आतंकी जगत में ‘डॉक्टर’ के नाम से पुकारा जाता था. वह पुलवामा के रत्नीपोरा का रहने वाला था और कुछ साल पहले वैध दस्तावेजों के जरिए पाकिस्तान चला गया था. पिछले कई वर्षों से वह मुजफ्फराबाद में एक प्राइवेट कॉलेज का प्रिंसिपल बनकर छिपा हुआ था. गुरुवार सुबह जब वह कॉलेज से बाहर निकला, तो अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर में तीन गोलियां मार दीं. बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
जनाजे में ISI की भी मौजूदगी
हमजा बुरहान की हत्या के बाद उसके जनाजे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. अल-बद्र चीफ बख्त जमीन खान को AK-47 और अन्य आधुनिक हथियारों से लैस आतंकियों ने चारों तरफ से घेर रखा था. सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, जनाजे में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के अधिकारी भी साफ नजर आए. यह पाकिस्तान और आतंकियों के बीच गहरे संबंधों को फिर से उजागर करता है.
पुलवामा हमले में अहम भूमिका
2019 के पुलवामा आत्मघाती हमले का हमजा बुरहान मुख्य प्लानर था, जिसमें 40 से ज्यादा CRPF जवान शहीद हुए थे. उसने उस हमले में ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) के रूप में काम किया था. भारत सरकार ने 2022 में उसे आतंकवादी घोषित किया था. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि वह कश्मीर के युवाओं को भड़काने, आतंकियों की भर्ती और पाकिस्तान से फंडिंग का प्रमुख जिम्मेदार था.
एक संदिग्ध आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है और हमले में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है. हमजा बुरहान की मौत पाकिस्तान में हाल के वर्षों में हुई कई रहस्यमयी टारगेट किलिंग्स में ताजा मामला है. इससे साफ होता है कि पाकिस्तान अब भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले आतंकियों के लिए पहले जितना सुरक्षित नहीं रहा.