पार्थ पवार और शरद पवार के बीच दीपावली पर मुलाकात
पार्थ, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सुप्रिया के बीच गुप्त बैठक
10 नवंबर को शरद पवार से मिलेंगे NCP नेता प्रफुल्ल पटेल
नई दिल्ली/मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के बीच विलय की चर्चाएं एक बार फिर जोर पकड़ रही हैं. राज्यसभा सांसद पार्थ पवार और एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार के बीच 48 घंटे में दो बार लंबी मुलाकातें हुई हैं. इन बैठकों के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं कि दोनों गुट एकजुट होने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं. साल 2023 में NCP दो गुटों में बंट गई थी.
अजित पवार के नेतृत्व वाला गुट सत्ता में शामिल हो गया था, जबकि शरद पवार अपना अलग गुट संभाल रहे हैं. अब पार्थ पवार और शरद पवार के बीच हुई इन मुलाकातों ने विलय की संभावनाओं को फिर से जिंदा कर दिया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों बैठकें करीब दो-दो घंटे चलीं. हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बैठकों में विलय या अन्य राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई या नहीं.
सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि विलय की चर्चाएं अंतिम चरण में हैं. पार्थ पवार, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के बीच भी एक गुप्त बैठक होने की बात कही जा रही है. कथित तौर पर यह बैठक मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुई, जहां शरद पवार इलाज करवा रहे थे.
एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने भी शरद पवार से दोबारा मुलाकात करने की बात कही है. उन्होंने बताया कि वे दिवाली के बाद 10 नवंबर से मुंबई में रहेंगे और शरद का हालचाल जानने के लिए उनसे मिलेंगे. पार्थ पवार की मुलाकात को लेकर पटेल ने कहा कि वे केवल हालचाल पूछने गए थे, न कि राजनीतिक चर्चा के लिए. शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने भी कहा है कि NCP के दोनों गुटों का विलय अंतिम चरण में नजर आ रहा है.
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक घटनाक्रम होंगे और हम उन्हें होते हुए देख सकते हैं. हमें केवल यह देखना है कि किस पार्टी का किसमें विलय होता है. नेताओं की ओर से विलय की संभावनाओं को फिलहाल खारिज किया जा रहा है, लेकिन सियासी गतिविधियां इन चर्चाओं को हवा दे रही हैं. महाराष्ट्र की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़े बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.