सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर से धर्म परिवर्तन और फिर घर वापसी का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि करीब आठ वर्ष पहले ठाकुर दारोगा सिंह ने अपने परिवार के साथ इस्लाम धर्म अपनाया था. धर्म परिवर्तन के बाद उनका नाम अब्दुल्ला रखा गया और वे लंबे समय तक मुस्लिम रीति-रिवाजों का पालन करते रहे. इस दौरान उन्होंने नमाज अदा की और ईद समेत अन्य धार्मिक पर्व भी मनाए.
अब दारोगा सिंह ने दोबारा सनातन धर्म अपनाने का फैसला किया है. एक मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनकी घर वापसी कराई गई, जिसके बाद उन्हें फिर से ठाकुर दारोगा सिंह के नाम से जाना जा रहा है.
दारोगा सिंह का आरोप है कि उनका धर्म परिवर्तन कुछ लोगों द्वारा लालच देकर कराया गया था. उनका कहना है कि धर्म बदलने के बाद उनकी जमीन भी कम कीमत पर बिकवा दी गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. उन्होंने दावा किया कि समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि उनका पुराना धर्म और जीवन-पद्धति ही उनके लिए बेहतर थी, इसलिए उन्होंने स्वेच्छा से वापस सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया.
हालांकि, दारोगा सिंह के अनुसार उनका परिवार अभी भी इस्लाम धर्म का पालन कर रहा है. इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है.