पटना: बिहार की राजधानी में अपराध की घटनाएं लगातार जारी हैं. शुक्रवार को कंकड़बाग इलाके में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार के साथ सनसनीखेज छिनतई की वारदात हो गई. दो बाइक सवार युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और हमला भी किया.
यह वारदात कंकड़बाग थाना क्षेत्र के साईं मंदिर के पास हुई. रोहित कुमार जब मंदिर के समीप से गुजर रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे. उन्होंने अचानक झपट्टा मारकर चेन छीन ली और तुरंत मौके से भाग निकले. पूरी घटना मात्र कुछ सेकंड में संपन्न हो गई.
सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि कैसे दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर आते हैं, वारदात को अंजाम देते हैं और तेज रफ्तार से फरार हो जाते हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
कंकड़बाग पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि यह स्पष्ट रूप से चेन छिनतई की घटना लग रही है. पुलिस टीमें आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और स्थानीय सूत्रों से भी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी निगरानी और जमीनी खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान शीघ्र की जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह घटना एक बार फिर पटना में बढ़ते स्नैचिंग अपराधों की ओर इशारा कर रही है, जिस पर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है.