रायबरेली में राहुल को लेकर सोनिया गांधी ने जनता से की भावुक अपील

Global Bharat 17 May 2024 07:50: PM 1 Mins
रायबरेली में राहुल को लेकर सोनिया गांधी ने जनता से की भावुक अपील

रायबरेली में राहुल गांधी को लेकर सोनिया गांधी ने जनता से भावुक अपील की है. दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी राहुल के समर्थन में आईटीआई मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया जा रहा था. इस दौरान राहुल गांधी जब मंच पर भाषण दे रहे थे, तभी उनकी मां सोनिया गांधी जनसभा स्थल पर पहुंची.

इसके बाद प्रियंका गांधी ने मां का हाथ पकड़कर लाईं. वहीं, राहुल गांधी ने भाषण बीच में छोड़कर मां के गले लगे. इसके बाद फिर भाषण दिया. वहीं सोनिया गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि आज काफी समय के बाद आपके बीच आने का मौका मिला है.

मैं हृदय से आपकी आभारी हूं. आपके सामने मेरा सिर श्रद्धा से झुका हुआ है. 20 साल से एक सांसद के रूप में आपने मुझे सेवा का मौका दिया है. ये मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है. रायबरेली मेरा परिवार है, वैसे ही अमेठी भी मेरा घर है. यहां से न केवल मेरे जीवन की कोमल यादें जुड़ी हुई हैं बल्कि पिछले 100 साल से हमारे परिवार की जड़ इस मिट्टी से जुड़ी हुई है.

उन्होंने कहा कि इंदिरा जी के दिल में रायबरेली के लिए एक अलग जगह थी. मैंने उन्हें काम करते हुए करीब से देखा है. उनके मन में आपके लिए असीम लगाव था. मैंने राहुल और प्रियंका को भी वही शिक्षा दी है, जो इंदिरा जी ने और रायबरेली की जनता ने मुझे दी. सबका आदर करो, कमजोर की रक्षा करो. अन्याय के खिलाफ जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जिससे भी लड़ना पड़े, लड़ जाओ.

डरना मत.. क्योंकि संघर्ष की तुम्हारी जड़ें और परंपराएं बहुत मजबूत हैं. मेरा आंचल जीवनभर आपके आशीर्वाद और प्रेम से भरा रहा. आपके प्रेम ने मुझे कभी अकेला नहीं पड़ने दिया. मेरा सबकुछ आपका ही दिया हुआ है. मुझे खुशी है कि आज काफी समय के बाद आपके बीच आने का मौका मिला है.

Recent News