लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब भाजपा नेताओं ने विपक्षी गठबंधन पर हमला तेज कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर जारी खींचतान पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों के पास प्रदेश के विकास का कोई एजेंडा नहीं है। उन्हें सिर्फ चुनाव में सीटों की चिंता सता रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता एक बार फिर एनडीए को प्रचंड बहुमत से सत्ता में लाएगी।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को महज 26 सीटों का प्रस्ताव देकर उसकी राजनीतिक हैसियत बता दी है। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर जिस तरह की खींचतान सामने आ रही है, उससे साफ है कि इनके बीच सबकुछ ठीक नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने में जुटे हैं। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है, लेकिन प्रदेश की जनता के मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है।
मंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन के घटक दलों में आपसी विश्वास और तालमेल की कमी है। गठबंधन के नेता जनता के हितों के बजाय अपने राजनीतिक फायदे और सीटों के गणित में उलझे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में कोई मजबूत जनाधार नहीं बचा है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर मची खींचतान जनता के सामने उनकी राजनीतिक स्थिति उजागर कर रही है। दानिश आजाद ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी के पूर्ववर्ती शासनकाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सपा सरकार के कार्यकाल को भूली नहीं है। उस समय प्रदेश में माफियाओं का आतंक था और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार करने का काम किया है।
मंत्री ने कहा कि यही वजह है कि जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से बाहर किया। अब प्रदेश में विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था के आधार पर राजनीति हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए सरकार के कामकाज पर जनता 2027 में फिर मुहर लगाएगी और विपक्षी गठबंधन को करारा जवाब देगी।