महोबा में सपा सांसद की विवादित टिप्पणी, योगी सरकार भड़की

Amanat Ansari 11 May 2026 11:26: PM 2 Mins
महोबा में सपा सांसद की विवादित टिप्पणी, योगी सरकार भड़की

SP MP Ajendra Singh Lodhi: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया. हमीरपुर-महोबा लोकसभा सीट से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अशोभनीय और अत्यंत अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया. राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बात करते हुए उनके मुंह से निकली ये टिप्पणियां अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

सपा कार्यकर्ता बिजली की कटौती, स्मार्ट मीटर लगाए जाने और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर महोबा कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे थे. सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हो रहा था.

मीडिया से बातचीत में फिसली जुबान

ज्ञापन देने के बाद सांसद जब पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री की नीतियों और विदेश यात्राओं पर हमला बोलते हुए गाली-गलौज तक का सहारा ले लिया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ है और वर्तमान सरकार की कड़ी मुखालफत कर रही है. स्मार्ट मीटर, फसल बीमा घोटाले, स्कूलों का बंद होना, शिक्षकों की भर्ती न होना, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार पर तीखा प्रहार किया.

लोधी ने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल अपना बजट भरने में लगी है, जबकि आम आदमी, किसान और मजदूरों की अनदेखी कर रही है. बंगाल चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने EVM में बदलाव और नकली फिंगरप्रिंट के आरोप भी लगाए. उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी. साथ ही EVM का विरोध जारी रखने और बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई.

CM आदित्यनाथ ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

सांसद के इस अमर्यादित बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेज प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे लोकतंत्र की मर्यादा पर हमला बताया. CM योगी ने X पर लिखा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक सांसद द्वारा की गई ऐसी असंसदीय टिप्पणी निंदनीय है. यह न सिर्फ शालीनता का अपमान है बल्कि पूरे देश की लोकतांत्रिक गरिमा पर चोट है.

बीजेपी नेताओं का भारी आक्रोश

बीजेपी हमीरपुर जिलाध्यक्ष कुलदीप निषाद ने कहा कि नीति और तथ्यों पर बहस की जा सकती है, लेकिन सांसद जैसे पद पर रहते हुए सड़कछाप भाषा इस्तेमाल करना बिल्कुल अक्षम्य है. उन्होंने माफी और मुकदमे की मांग की. गोरखपुर सांसद रवि किशन ने इसे सपा की असली सोच बताते हुए कहा कि अजेंद्र सिंह लोधी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए. अभी तक सपा सांसद या पार्टी की तरफ से कोई माफी या स्पष्टीकरण नहीं आया है.

Ajendra Singh Lodhi SP MP PM Modi Controversial Remark Mahoba Collectorate Protest

Recent News