लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने रक्षाबंधन के मौके पर बुधवार को महिलाओं के लिए कई बड़े चुनावी वादे किए. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव ने स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर हर महिला को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और इसमें हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी.
इसके साथ ही हर महिला को मुफ्त बस यात्रा और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को मेट्रो में मुफ्त पास की सुविधा दी जाएगी. इंटरमीडिएट पास हर छात्रा को लैपटॉप भी दिया जाएगा. सपा नेताओं ने बताया कि बंद किए गए सभी 26 हजार स्कूल फिर खोले जाएंगे. हर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र फिर से शुरू होंगे.
हर जिले में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल खोले जाएंगे. महिलाओं को प्रति माह दो दिन का आकस्मिक अवकाश अनिवार्य रूप से मिलेगा. सरकारी स्कूलों में फीस माफ और प्राइवेट स्कूलों में आधी फीस होगी.
अखिलेश यादव ने कहा कि बिना आधी आबादी के तरक्की अधूरी है. उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि वे टैबलेट बांटने की बात कर रहे हैं, लेकिन पहले बांटे गए टैबलेट का हश्र सबने देखा है. उन्होंने भाजपा को महिला आरक्षण अगले चुनाव से लागू करने की चुनौती भी दी.