लखनऊ: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा घोटाले को लेकर चल रही सियासी जंग अब कानूनी मोड़ ले चुकी है. समाजवादी पार्टी ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को मानहानि का कानूनी नोटिस भेज दिया है. यह कार्रवाई अयोध्या चढ़ावा मामले के आरोपी टिन्नू यादव को लेकर निशिकांत दुबे द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए दावों और पोस्ट के खिलाफ की गई है.
मामला क्या है?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले ही निशिकांत दुबे को सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के लिए 10 मिनट का अल्टीमेटम दिया था. अखिलेश ने कहा था कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों को समान संसदीय विशेषाधिकार प्राप्त हैं.
उन्होंने दुबे से अपनी "झूठी पोस्ट" हटाने को कहा था, अन्यथा नामजद FIR की चेतावनी दी थी. अब सपा ने पूरे मामले में औपचारिक रूप से मानहानि का नोटिस जारी कर दिया है. पार्टी ने सभी उन लोगों से पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है, जो इस "झूठे प्रचार" में शामिल हैं.
अखिलेश यादव ने भाजपा पर सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन को बदनाम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि "चढ़ावा-चंदा-दान चोरों का गिरोह" विपक्ष पर हमला कर अपना बचाव कर रहा है. निशिकांत दुबे ने इस विवाद पर पहले प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्होंने सिर्फ सवाल उठाया है.