महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा के गिरने से राज्य सरकार को काफी शर्मिंदगी उठानी पड़ी है. अब यह मुद्दा राजनीतिक होता जा रहा है. शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने इस घटना को शिवाजी के गौरव से जोड़कर BJP पर निशाना साधा है. इसे लेकर आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह अकल्पनीय है कि हमारे देवता छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भी BJP के भ्रष्टाचार का विषय होगी. ठाकरे ने भारतीय नौसेना पर आरोप लगाने के लिए BJP की आलोचना भी की है.
आदित्य ठाकरने शोसल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि "यहां भी, एक पसंदीदा ठेकेदार मित्र. यहां भी, काम की गुणवत्ता बहुत खराब है. आदित्य ने आगे लिखा कि यहां भी, भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नहीं, बल्कि चुनावों को ध्यान में रखते हुए उद्घाटन किया गया है और फिर, हमेशा की तरह ट्रोल और बेशर्म राजनेता भारतीय नौसेना को दोष देने की कोशिश कर रहे हैं.
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने आरोप लगाया कि सरकार चाहे केंद्र की हो या राज्य की, भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं जानती. नाना पटोले ने कहा कि जिस तरह से छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति को तोड़ा गया, वह उनके भ्रष्टाचार के कारण है, चाहे यह सरकार केंद्र की हो या राज्य की, उन्हें भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं पता. वे महाराष्ट्र के स्वामी शिवाजी महाराज के विचारों का अपमान करने में कभी पीछे नहीं रहे.
नाना पटोले ने आगे कहा कि कल की घटना महाराष्ट्र के लिए, महाराष्ट्र के लोगों के लिए दुर्भाग्य है और इस सरकार को कोई माफ नहीं करेगा. इस सरकार को अब कुर्सी छोड़कर भाग जाना चाहिए. स्थानीय पुलिस द्वारा मूर्ति गिरने के बाद स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पटोले ने कहा कि प्राथमिकी सरकार के खिलाफ होनी चाहिए.
नाना पटोले ने कहा कि जब उद्घाटन हुआ तो देश के प्रधानमंत्री मौजूद थे, मुख्यमंत्री मौजूद थे, फिर किस आधार पर उन्होंने उद्घाटन किया. ठेकेदार के साथ-साथ ये लोग भी जिम्मेदार हैं क्योंकि इसमें भ्रष्टाचार की संलिप्तता है. जिस तरह से मूर्ति गिरी, सिर और हाथ अलग हो गए, उससे पता चलता है कि उन्होंने हमेशा शिवाजी महाराज की विचारधारा का अपमान किया है. इससे पहले स्थानीय पुलिस ने ठेकेदार जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110, 125, 318 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी.