Ram Navami Procession: शुक्रवार को मुर्शिदाबाद जिले में राम नवमी जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हुई झड़प हिंसक रूप लेने के बाद तनाव फैल गया. दोनों पक्षों ने पत्थरबाजी की और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं. एक समुदाय के सदस्यों ने आरोप लगाया कि रघुनाथगंज में उनके जुलूस पर पत्थर फेंके गए, जबकि दूसरे समुदाय के सदस्यों ने दावा किया कि जुलूस के दौरान उत्तेजक टिप्पणियां की गईं.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय पुलिस और केंद्रीय बलों को क्षेत्र में तैनात करने के बाद स्थिति को नियंत्रण में ला लिया गया है. उसके बाद से जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट मार्च किए जा रहे हैं. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय निवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
इसी दिन पुरुलिया के पारा इलाके में भी ऐसी ही एक घटना की सूचना मिली. स्थानीय प्रशासन के अनुसार वहां भी स्थिति को नियंत्रण में ला लिया गया. पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक वैभव तिवारी ने बताया कि राम नवमी रैली में शामिल होने के लिए कुछ लोग एक वाहन में जा रहे थे, उसी दौरान दूसरे समुदाय के सदस्यों ने उनके वाहन पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी.
इस घटना में ड्राइवर घायल हो गया. इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों समुदायों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके. बाद में केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस की संयुक्त टुकड़ी के पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रण में ला लिया गया.