पटना: बिहार के गयाजी जिले में शुक्रवार शाम केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर एक कार्यक्रम के दौरान पत्थरबाजी की घटना हो गई. वे इस हमले में करीब-करीब बच गए. पुलिस ने घटना के तुरंत बाद दो युवकों को हिरासत में ले लिया है. यह घटना खिजरसराय प्रखंड के सीसवर इलाके स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में हुई. स्कूल में एक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें शामिल होने जीतन राम मांझी पहुंचे थे.
कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किए जाने के बाद जैसे ही वे संबोधन देने के लिए मंच पर आए, तभी बाहर से एक पत्थर फेंका गया. पत्थर सीधे उनके पीछे खड़े अंगरक्षक को लग गया. पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों युवकों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.
बताते चलें कि यह पहला हमला नहीं है. मात्र पांच दिन पहले 17 मई को जीतन राम मांझी की पुत्रवधू और विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर बाराचट्टी-मोहनपुर क्षेत्र में हमला किया गया था, जिसमें कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इसके अलावा, हाल ही में जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकी दी गई थी.
एक युवक ने वीडियो जारी कर कहा था कि समधन पर हमला हो चुका है, अब उनकी बारी आ सकती है. पुलिस ने उस आरोपी को भी पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. अभी तक जीतन राम मांझी या पुलिस की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.