Abhishek Banerjee Attack : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद बनर्जी पर कथित हमले के आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है. सोशल मीडिया पर साझा किए गए कुछ वीडियो और तस्वीरों के आधार पर TMC समर्थकों ने दावा किया है कि सुष्मिता दत्ता नाम की एक महिला, जिसे भाजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है, अभिषेक बनर्जी के खिलाफ हुई कथित हिंसक घटना में शामिल थी.
इस मामले को लेकर TMC नेताओं और समर्थकों ने भाजपा पर तीखे सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि संबंधित महिला की तस्वीरें भाजपा के कई नेताओं के साथ मौजूद हैं, जिससे राजनीतिक संरक्षण की आशंका पैदा होती है. पार्टी की ओर से यह भी पूछा गया है कि क्या इस तरह की घटनाओं को किसी प्रकार का समर्थन या संरक्षण प्राप्त है.
वहीं, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि घटना से जुड़े तथ्यों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है ताकि वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें.
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, हालांकि उनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है. पुलिस और प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. ऐसे में सभी पक्षों के दावों की आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर हो गया. मामला 28 मई बकरीद को सामने आया था, जब सूर्या चौहान पर चाकू से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल सूर्या की उपचार के दौरान मौत हो गई थी. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने जांच तेज कर दी थी.
गाजियाबाद के डीसीपी धवल जायसवाल के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे. मुख्य आरोपी असद की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था. पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने और पैसे लेकर क्षेत्र से फरार होने की योजना बना रहा है.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खोड़ा क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया. इसी दौरान असद एक अन्य साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें असद गोली लगने से घायल हो गया.
पुलिस ने घायल असद को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हालांकि, मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.