ढाका/नई दिल्ली: पड़ोसी देश बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग (Assistant High Commission) के एक अधिकारी की मौत रहस्यमयी परिस्थितियों में हो गई है. मृतक की लाश चटगांव स्थित मिशन परिसर के अंदर बाथरूम के दरवाजे के सामने पड़ी मिली. अधिकारी की पहचान 38 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है. वे हरियाणा के निवासी थे और असिस्टेंट प्रोटोकॉल/सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर तैनात थे.
19 मई 2026 को सुबह जब नरेंद्र अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे थे, तो अन्य अधिकारियों को शक हुआ. दरवाजा न खुलने पर पुलिस को बुलाया गया. पुलिस ने पुराने वीजा सेंटर भवन के दूसरे तल पर डेटा एंट्री रूम के बाथरूम के बाहर उनका शव बरामद किया.
चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस ने अननैचुरल डेथ का केस दर्ज कर लिया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा.
अभी तक कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली
चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जांच में अभी तक कोई असामान्य बात सामने नहीं आई है, लेकिन जांच पूरी तरह से जारी है. शव की हैंडओवर असिस्टेंट हाई कमीशन के अधिकारियों को कर दी जाएगी. यह घटना भारत-बांग्लादेश संबंधों के संदर्भ में काफी संवेदनशील मानी जा रही है. भारतीय उच्चायोग के अधिकारी की मौत से जुड़ी पूरी जानकारी की प्रतीक्षा है. MEA और भारतीय उच्चायोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.