सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में यूपी-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार, एक गलती पड़ गई भारी

Global Bharat 11 May 2026 11:48: AM 1 Mins
सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में यूपी-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार, एक गलती पड़ गई भारी

Suvendu Adhikari PA murder : पश्चिम बंगाल के कोलकाता में सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा सामने आया है. पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनमें एक आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसे अयोध्या से पकड़ा गया. बाकी दो आरोपी बिहार के बक्सर जिले के निवासी हैं. गिरफ्तारी के बाद पुलिस सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए कोलकाता ले गई है. 

जांच में सामने आया कि आरोपियों तक पहुंचने में एक छोटी सी डिजिटल गलती भारी पड़ गई.  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक आरोपी ने फरारी के दौरान टोल प्लाजा पर यूपीआई के जरिए ऑनलाइन पेमेंट किया था. इसी ट्रांजैक्शन से पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में मदद मिली और फिर टेक्निकल सर्विलांस के जरिए आरोपियों को दबोच लिया गया.

यह हत्याकांड 6 मई की रात को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुआ था. चंद्रनाथ रथ अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी घर से करीब 200 मीटर पहले एक सिल्वर रंग की कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया, इसके बाद बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से फायरिंग की. गोलीबारी में चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर को भी गोली लगी. पुलिस जांच में पता चला कि वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया.

हमलावरों को पहले से जानकारी थी कि रथ गाड़ी में किस सीट पर बैठे हैं. शुरुआती जांच के अनुसार, हत्या में कम से कम 8 लोगों की संलिप्तता हो सकती है. वारदात में इस्तेमाल दो बाइक और सिल्वर ₹ कार चोरी की बताई जा रही हैं.

इस हत्याकांड के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति भी गरमा गई है. भाजपा ने इसे लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं, जबकि पुलिस अपराध के पीछे की साजिश और मास्टरमाइंड तक पहुंचने में जुटी है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द इस मामले में बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है. यूपी के बलिया के राज सिंह, बक्सर के मयंक मिश्रा और विवेक मौर्य को गिरफ्तार किया गया है.

Suvendu Adhikari PA murder Chandranath Rath murder case UP Bihar accused arrested UPI payment location trace West Bengal crime news

Description of the author

Recent News