कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर सांसद अभिषेक बनर्जी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ें, जहां भाजपा उन्हें पिछले चुनाव से भी ज्यादा अंतर से हराएगी. विधानसभा में गृह और पहाड़ी मामलों के बजट पर चर्चा के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला.
उन्होंने कहा, ''एक ब्रांडेड चोर हमें उपदेश दे रहा है.'' अभिषेक के '2031 में हिसाब चुकाने' वाले बयान का मखौल उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि पहले बाहर रहिए, तभी हिसाब चुकाने की बात करिएगा. शुभेंदु ने अभिषेक को 'बैलगाड़ी की हेडलाइट' करार देते हुए कहा कि उनका हाल 'पुष्पा' कहने वाले जहांगीर खान से भी बुरा होगा.
मुख्यमंत्री ने डायमंड हार्बर में 40 प्रतिशत से ज्यादा मुस्लिम वोटों का जिक्र करते हुए दावा किया कि भाजपा इस सीट पर भारी अंतर से जीतेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि पश्चिम बंगाल में इस ‘भतीजा-केंद्रित’ तृणमूल का नामो-निशान न बचे. शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर उनकी पुरानी टिप्पणियों का जिक्र किया और आरजी कर मामले में देरी का आरोप लगाया.
यह तीखा हमला 21 जुलाई की टीएमसी रैली और शहीद दिवस के बाद आया है, जिसमें अभिषेक बनर्जी ने 2031 में ‘हिसाब चुकाने’ की बात कही थी. पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुभेंदु-अभिषेक विवाद अब और गहराता दिख रहा है.