तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शुक्रवार शाम बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर्मस्ट्रॉग की उनके घर के सामने ही जान चली गई. 3 बाइक्स पर सवार हथियार बंद बदमाशों ने एक्शन फिल्म के सीन की तरह घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. बाद में पता चला ये सब फूड डिलीवरी कंपनी की टी-शर्ट पहनकर आये थे, जिस वजह से किसी को उनपर शक नहीं हुआ. पुलिस ने मामले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने दी जानकारी
मामले को लेकर चेन्नई उत्तर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त असरा गर्ग कहा है कि हमने अब तक 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है. यह प्रारंभिक जांच है. हमने दस टीमें गठित की हैं. हम अपराधियों को सामने लाने के लिए काम कर रहे हैं. इन संदिग्धों से पूछताछ के बाद मकसद का पता लगा पाएंगे. शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है, इससे लगता है कि मामला पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा है.
दरअसल, पिछले साल चेन्नई में आर्कोट सुरेश नामक हिस्ट्रीशीटर की कुछ बदमाशों ने जान ली थी. ये मामला उसी सुरेश के केस से जुड़ा हुआ है. अब तक गिरफ्तार किए गए 8 आरोपी या तो आर्कोट सुरेश के रिश्तेदार हैं या फिर गिरोह के सदस्य हैं. इनमें से एक पोन्नई बाला जो पुलिस की हिरासत में है, वो आर्कोट सुरेश का भाई है. चूंकि मामला राजनीति से जुड़ा है, इसलिए पुलिस पर लगातार दबाव भी है.
लगातार प्रदर्शन कर रहे BSP समर्थक
BSP समर्थक लगातार सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इतना ही नहीं मामले में CBI जांच की मांग भी की जा रही है. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनरत कार्यकर्ताओं की झड़प भी देखी गई है. सरेआम हुए इस हाईप्रोफाइल कांड से इलाके में सनसनी फैल गई है. मामले की जानकारी मिलते ही बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी दुख जताया है.
मायावती ने सोशल मीडिय़ा प्लैटफोर्म एक्स पर ट्विट कर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि तमिलनाडु में बीएसपी के कर्मठ और स्टेट पार्टी यूनिट के अध्यक्ष के साथ जो हुआ उससे पूरे समाज में क्रोध की लहर उमड़ पड़ी है. सरकार को अविलम्ब सख्त और जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को आगे रोका जा सके. इस दुखद और चिंताजनक घटना के बाद रविवार को चेन्नई जाएंगी और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना देंगी.
मायावती की शांति बनाए रखने की अपील
ट्वीट में मायावती ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की. बीएसपी नेताओं का कहना है कि BSP प्रदेश अध्यक्ष आर्मस्ट्रांग राज्य में दलितों के मसीहा थे. हमेशा लोगों की मदद के लिए आगे आते थे. पेशे से वकील थे और ग्रेटर कॉर्पोरेशन में पार्षद भी रहे चुके थे. आर्मस्ट्रांग ने साल 2006 में स्थानीय निकाय चुनाव में एक वार्ड निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी. साल 2011 में आर्मस्ट्रांग ने विधानसभा चुनाव लड़ा था और कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में डीएमके के एमके स्टालिन से हार गए. उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटी है, जिन्हें ढांढस बंधाने मायावती भी जाने वाली हैं.