भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 26 दिसंबर को मेलबर्न में खेला जाएगा. इस सीरीज में अब तक दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर हैं. पहला टेस्ट भारत ने 295 रन से जीतकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन दूसरा टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से जीत लिया. तीसरा टेस्ट ड्रॉ रहा. अब चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में कुछ बदलाव हो सकते हैं और टीम इंडिया में एक नया चेहरा भी जुड़ सकता है. वह खिलाड़ी हैं तनुष कोटियन, जिनका नाम इस सीरीज में चर्चा में आ रहा है.
तनुष कोटियन मुंबई के रहने वाले हैं और वे एक आलराउंडर स्पिन गेंदबाज हैं. घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने अब तक 33 प्रथम श्रेणी मैचों में 101 विकेट हासिल किए हैं और 1525 रन भी बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 13 अर्धशतक और 2 शतक भी लगाए हैं. उनके सर्वोच्च स्कोर 120 नॉट आउट रहा है. इसके अलावा, उन्होंने 20 लिस्ट ए मैचों में 20 विकेट भी लिए हैं. उनकी गेंदबाजी में पाच विकेट लेने का बेहतरीन प्रदर्शन 58 रन पर पांच विकेट रहा है.
रविचंद्रन अश्विन की हाल ही में हुई रिटायरमेंट के बाद भारतीय टीम में एक स्पिन गेंदबाज की जगह खाली हो गई है. इस मौके का फायदा तनुष कोटियन को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) तनुष को मेलबर्न के लिए भेज सकता है. हालांकि, अभी तक उनकी टीम इंडिया में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उनके घरेलू क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन संभव है.
तनुष कोटियन का टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू भारतीय टीम के लिए एक नया अवसर हो सकता है. उनका शानदार आलराउंड खेल और अनुभव भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट में मजबूत बना सकता है. भारतीय क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि तनुष को इस सीरीज में खेलने का मौका मिलेगा और वे अपने प्रदर्शन से टीम इंडिया को मजबूत करेंगे.
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या तनुष कोटियन चौथे टेस्ट में भारतीय टीम का हिस्सा बनते हैं और वे कैसे प्रदर्शन करते हैं.