नई दिल्ली: हार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार को रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों और घोषणाओं को पूरा करेगी.
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "माननीय श्री नीतीश कुमार जी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई. बिहार सरकार के मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं."
उन्होंने आगे लिखा, "उम्मीद है कि नई सरकार जिम्मेदार लोगों की आशाओं-अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी, अपने वादों और घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहार के लोगों के जीवन में सकारात्मक और गुणात्मक बदलाव लाएगी."
गौरतलब है कि अभी हुए बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में महागठबंधन को महज 35 सीटें ही मिलीं, जबकि एनडीए ने 243 में से 202 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल की. यह 2010 के बाद दूसरी बार है जब एनडीए ने 200 का आंकड़ा पार किया है.
गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 74 वर्षीय नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कुल 27 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
चुनाव परिणाम, एनडीए: 202 सीटें, (भाजपा - 89, जदयू - 85, लोजपा (रा) - 19, हम - 5, रालोमो - 4), महागठबंधन: 35 सीटें, (राजद - 25, कांग्रेस - 6, भाकपा (माले) - 2, भाकपा (म) - 1, AIP - 1) अन्य: AIMIM - 5, बसपा - 1
6 और 11 नवंबर को दो चरणों में हुए इस चुनाव में मतदान प्रतिशत 67.13% रहा, जो 1951 के बाद सबसे ज्यादा है. खास बात यह रही कि महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया; महिलाओं का मतदान 71.6% जबकि पुरुषों का 62.8% रहा.