अनंतनाग व शोपियां में आतंकी हमला, मारे गए BJP नेता को किया गया दफन, पूरे कश्मीर में गम का माहौल

Global Bharat 19 May 2024 02:08: PM 2 Mins
अनंतनाग व शोपियां में आतंकी हमला, मारे गए BJP नेता को किया गया दफन, पूरे कश्मीर में गम का माहौल

जम्मू-कश्मीर के दो अलग-अलग आतंकी घटनाओं में बीजेपी से जुड़े पूर्व सरपंच की मौत हो गई है. वहीं दो पर्यटक भी घायल हुए हैं. आतंकियों ने शनिवार (18 मई) को दो अलग-अलग घटनाओं में केंद्रशासित प्रदेश के शोपियां और अनंतनाग जिलों में बीजेपी के पूर्व सरपंच और घूमने आए एक कपल को निशाना बनाया. दहशतगर्दों ने आतंकी घटनाओं को ऐसे वक्त में अंजाम दिया है, जब अनंतनाग-राजौरी सीट के लिए चुनाव प्रचार हो रहे हैं. यहां 20 मई को वोटिंग होनी है.

बताया गया कि शोपियां में पहली आतंकी घटना में आतंकियों ने बीजेपी के पूर्व सरपंच पर गोलियां बरसा दीं. ये हमला जिले के हिरपोरा में रात करीब 10.30 बजे अंजाम दिया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान अजाज अहमद की मौत हो गई. वहीं, दक्षिण कश्मीर में पहलगाम के निकट अनंतनाग में आतंकवादियों ने खुले पर्यटक शिविर पर गोलीबारी की. इस हमले में राजस्थान का एक कपल घायल हो गया. जयपुर निवासी फराह और उनके पति तबरेज का फिलहाल इलाज चल रहा है.

जानकारी मिली है कि शोपियां में हुए आतंकी हमलों के बाद चश्मदीद भी सामने आए हैं, जिन्होंने बताया कि हमले के वक्त क्या हुआ. इस हमले को लेकर नेताओं में भी रोष है. उन्होंने आतंकियों की कायराना हरकत की निंदा की है. ऐसे में आइए जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकियों हमले से जुड़े अपडेट्स जानते हैं. शोपियां में पूर्व सरपंच को दफन कर दिया गया. इसमें उनके परिवार के सदस्य और गांव के लोग शामिल हुए.

फारुख अबदुल्ला ने जांच की कही बात

शोपियां और अनंतनाग में हुई आतंकी घटना पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के चीफ फारुख अबदुल्ला ने भी बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यहां आतंकवाद अभी भी मौजूद है. चाहे वह (बीजेपी नेता और पूर्व सरपंच अजाज अहमद शेख) किसी भी पार्टी का हो. किसी को निशाना बनाया गया है. इसकी जांच होनी चाहिए कि उन्हें आतंकियों ने मारा या यहां के लोगों ने. किसी पर उंगलियां उठाने से पहले, इसकी तेजी से जांच होनी चाहिए. पहलगाम में भी पर्यटकों पर हमला हुआ. यह एक त्रासदी है, इसका असर हमारे पर्यटन उद्योग पर पड़ रहा है.

बीजेपी प्रवक्ता ने घटना की निंदा की

वहीं जम्मू-कश्मीर बीजेपी प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि यह दुख की बात है कि पर्यटकों पर हमले हो रहे हैं और बीजेपी के एक पार्टी कार्यकर्ता अजाज अहमद की हत्या की गई. ये हमले श्रीनगर में भारी मतदान की वजह से पाकिस्तान और आतंकवादियों की हताशा का नतीजा है. आज कश्मीरी वोट देना चाहते हैं और उन्होंने आतंकवाद को नकार दिया है. वे मुख्यधारा की राजनीति में हिस्सा लेना चाहते हैं. वे संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करके और लोकतंत्र के माध्यम से अपना प्रतिनिधि स्थापित करना चाहते हैं.

प्रशासन को भी ठहराया जिम्मेदार

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि मुझे लगता है कि इस घटना के लिए प्रशासन भी जिम्मेदार है. कुछ दिन पहले बीजेपी ने डीसी को चिट्ठी लिखकर कहा था कि उन्हें (अजाज अहमद) खतरा है. उन्होंने प्रशासन से उन्हें आवास मुहैया कराने को कहा था, लेकिन डीसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. मुझे लगता है कि अजाज अहमद साहब की हत्या के लिए डीसी जिम्मेदार हैं. आज हम इसके लिए श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन करेंगे. 

Recent News